← अनुक्रमणिका

दशार्ण

  • एक प्राचीन जनपद ( कुछ लोगोंके मतानुसार इसके दो भाग थे—पूर्वी और पश्चिमी । पूर्वी भागमें छत्तीसगढ़का कुछ भाग और पाटन राज्य था तथा पश्चिमी भागमें पूर्वी मालवा और भोपालकी रियासत सम्मिलित थी । हिंदी शब्द-सागरके अनुसार विन्ध्यपर्वतके पूर्व-दक्षिणकी ओर स्थित उस प्रदेशका प्राचीन नाम 'दशार्ण' है, जिसमें दशार्ण नामक नदी बहती है । 'मेघदूत' से पता चलता है कि विदिशा—आधुनिक भिलसा इसी प्रदेशकी राजधानी थी । ) इस देशपर राजा पाण्डुका आक्रमण और विजय ( आदि० ११२ । २५ ) ।
  • भीमसेनने भी इस देशको जीता था ( सभा० २७ । ५ ) ।
  • नकुलने भी इसपर आक्रमण करके विजय पायी थी ( सभा० ३२ । ७ ) ।
  • प्राचीन कालमें दशार्णदेशके राजा सुदामा थे, इनकी दो पुत्रियाँ थीं, इनमेंसे एक विदर्भनरेश भीमकी और दूसरी चेदिराज वीरबाहुको ब्याही गयी थी; भीमकी पुत्री दमयन्ती थी
  • और वीरबाहुकी सुनन्दा । इन दोनोंका ननिहाल दशार्ण- देशमें था । दमयन्तीका जन्म भी दशार्णराजके ही घरमें हुआ था ( वन० ६९ । १३-१६ ) ।
  • महाभारत युद्धसे पूर्व दशार्णदेशके राजा हिरण्यवर्मा थे, जिनकी पुत्रीका विवाह पुरुषवेषमें रहनेवाली द्रुपदकन्या शिखण्डिनीसे हुआ था । यह रहस्य खुलनेपर दशार्णराजने द्रुपदपर आक्रमण करनेकी तैयारी की; परंतु दैवयोगसे शिखण्डिनी नामक जनक शिखण्डीरूपमें परिणित हो गयी और उसके पुरुषत्वका परिचय पाकर दशार्णराज संतुष्ट हो गये ( उद्योग० १८९ अध्यायसे १९२ अध्यायतक ) ।
  • दशार्ण देश दो थे अथवा एक ही देशके दो विभाग थे— ऐसा जान पड़ता है; क्योंकि भीष्मपर्वमें जहाँ भारतीय जनपदोंकी गणना करायी गयी है, वहाँ दो दशार्ण देशोंका उल्लेख देखा जाता है ( भीष्म० ९ । ४१-४२ ) ।
  • दशार्ण देशके सैनिक दुर्योधनके पक्षमें थे और द्रोणाचार्यके भी युद्ध करते थे ( भीष्म० ५१ । १२ ) ।
  • युधिष्ठिरके अश्वमेध यज्ञके समय दशार्ण देशका राज्य चित्राङ्गदके अधिकारमें था, अर्जुनने इनको पराजित किया था ( आश्रम० ८३ । ५-७ ) ।

  • The Mahābhārata project aims to provide authentic texts from ancient Mahābhārata Sanskrit texts and commentaries to preserve our heritage for our future generation. We welcome views from all to make the content authentic and error free. Contribution both financial and resources are welcome. For feedback or information please write to us at : secretary@sanatanasampatti.in